Search

    Language Settings
    Select Website Language

    GDPR Compliance

    We use cookies to ensure you get the best experience on our website. By continuing to use our site, you accept our use of cookies, Privacy Policy, and Terms of Service.

    जापान-राजस्थान ज्वेलरी सहयोग को नई गति, निवेश, तकनीक और रोजगार पर जोर

    7 hours ago

    मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से जापानी प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात, जयपुर-कोफू संबंधों को नई ऊंचाई देने पर हुई चर्चा

    जयपुर। जापान के कोफू शहर के महापौर हिगुची यूइची के नेतृत्व में आए उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से मुलाकात कर उद्योग, निवेश, तकनीकी सहयोग तथा रत्न एवं आभूषण व्यापार के विस्तार पर विस्तृत चर्चा की। बैठक में जयपुर और जापान के यामानाशी प्रांत के बीच दशकों पुराने संबंधों को और मजबूत बनाने तथा ज्वेलरी उद्योग में नई संभावनाओं को विकसित करने पर सहमति बनी।

    जयपुर ज्वैलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष राजू मंगोड़ीवाला ने बताया कि मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान सरकार राज्य की समृद्ध खनिज संपदा, पर्यटन, व्यापार और उद्योगों के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है तथा जापान के साथ आर्थिक एवं औद्योगिक सहयोग को और अधिक सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने जयपुर ज्वैलर्स एसोसिएशन और यामानाशी ज्वेलरी एसोसिएशन को तकनीक, निवेश, कौशल विकास और व्यापार विस्तार के क्षेत्र में मिलकर कार्य करने का आह्वान किया, जिससे व्यापार वृद्धि के साथ-साथ रोजगार के नए अवसर भी सृजित हो सकें।

    महापौर हिगुची यूइची ने मुख्यमंत्री को बताया कि जयपुर और कोफू के बीच लगभग तीन दशकों से गहरे संबंध रहे हैं। जयपुर के अनेक ज्वेलरी उद्यमी एवं उनके परिवार वर्षों से कोफू में निवास कर रहे हैं और वहां के ज्वेलरी उद्योग तथा स्थानीय अर्थव्यवस्था के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय उद्यमशीलता और कौशल के साथ जापान की तकनीक, गुणवत्ता एवं परिशुद्धता का समन्वय दोनों देशों के लिए लाभकारी सिद्ध हो रहा है।

    बैठक में लगभग दो वर्ष पूर्व जयपुर ज्वेलर्स एसोसिएशन और यामानाशी ज्वेलरी एसोसिएशन के बीच हुए समझौता ज्ञापन (एमओयू) का भी उल्लेख किया गया। दोनों पक्षों ने इसे संस्थागत सहयोग की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताते हुए भविष्य में इसे और व्यापक बनाने की आवश्यकता पर बल दिया।

    मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि भारत की युवा शक्ति, कौशल और विशाल कार्यबल को जापान की उन्नत तकनीक, नवाचार, गुणवत्ता और कार्य संस्कृति के साथ जोड़कर नए अवसर विकसित किए जा सकते हैं। उन्होंने दोनों देशों के बीच दीर्घकालिक और विश्वासपूर्ण साझेदारी को समय की आवश्यकता बताया।

    यामानाशी ज्वेलरी एसोसिएशन की अंतरराष्ट्रीय समिति के अध्यक्ष नवीन सौंखिया ने कहा कि जयपुर और यामानाशी के बीच वर्षों से मजबूत मानवीय एवं व्यावसायिक संबंध बने हुए हैं। वहीं राजू मंगोड़ीवाला ने कहा कि जापानी निवेश और तकनीक के सहयोग से जयपुर का रत्न एवं आभूषण उद्योग वैश्विक स्तर पर और अधिक प्रतिस्पर्धी बनेगा तथा निर्यात, नवाचार और कौशल विकास को नई दिशा मिलेगी।

    प्रतिनिधिमंडल में यानागिमोतो चिकारा (अध्यक्ष, यामानाशी ज्वेलरी एसोसिएशन), शिंदो नाकाबा (वरिष्ठ सलाहकार, द यामानाशी चुओ बैंक लिमिटेड) सहित ज्वेलरी एवं व्यापार जगत के वरिष्ठ प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

    बैठक के दौरान महापौर हिगुची यूइची ने मुख्यमंत्री को कोफू आने का निमंत्रण भी दिया, जिसे मुख्यमंत्री ने प्रसन्नतापूर्वक स्वीकार करते हुए भविष्य में यात्रा की इच्छा व्यक्त की।

    बैठक को राजस्थान और जापान के बीच रत्न एवं आभूषण उद्योग, निवेश, तकनीकी सहयोग और रोजगार सृजन की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर माना जा रहा है, जिससे जयपुर-कोफू संबंधों को नई ऊर्जा मिलेगी और दोनों देशों के व्यापारिक रिश्ते और अधिक मजबूत होंगे।

     

    Click here to Read More
    Previous Article
    जिला शिक्षा अधिकारी, जयपुर गिर्राज पारीक को निलंबित करने की मांग

    Related राजस्थान Updates:

    Are you sure? You want to delete this comment..! Remove Cancel

    Comments (0)

      Leave a comment