Language Settings

मां को अंतिम विदाई देते वक्त भावुक हुए सीएम योगी, छलक पड़े आंसू; छोटे बेटों ने दी मुखाग्नि

5 hours ago

7

0

हरिद्वार के चंडी घाट पर हुआ सावित्री देवी का अंतिम संस्कार

हरिद्वार। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी शनिवार को पंचतत्व में विलीन हो गईं। उत्तराखंड के हरिद्वार स्थित चंडी घाट श्मशान घाट पर पूरे धार्मिक रीति-रिवाज के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। मां को अंतिम विदाई देते समय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भावुक हो गए। उन्होंने मां के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और अंतिम परिक्रमा कर नमन किया। इस दौरान उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। वह कई बार रूमाल से अपने आंसू पोंछते नजर आए। सावित्री देवी को उनके छोटे बेटों शैलेंद्र और महेंद्र ने मुखाग्नि दी।

सावित्री देवी की अंतिम यात्रा शनिवार सुबह उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में स्थित उनके पैतृक गांव पंचूर से शुरू हुई। सुबह करीब 8:50 बजे उनके पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए हरिद्वार रवाना किया गया। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीण, परिजन और जनप्रतिनिधि शामिल हुए। करीब 11:40 बजे शव यात्रा हरिद्वार के चंडी घाट श्मशान घाट पहुंची, जहां धार्मिक परंपराओं के अनुसार अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की गई।

इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी मां के पार्थिव शरीर को कंधा दिया। मां के अंतिम दर्शन करते समय वह भावुक दिखाई दिए।

-मां की अंतिम परिक्रमा कर किया नमन

अंतिम संस्कार के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मां के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित किए। इसके बाद उन्होंने अंतिम परिक्रमा कर उन्हें नमन किया। मां को अंतिम विदाई देने का यह पल उनके लिए बेहद भावुक रहा। वह कई बार अपनी आंखों से आंसू पोंछते नजर आए। परिवार के अन्य सदस्यों ने भी नम आंखों से सावित्री देवी को अंतिम विदाई दी।

-ग्रामीणों ने पुष्प वर्षा कर दी श्रद्धांजलि

सावित्री देवी की अंतिम यात्रा के दौरान रास्ते में जगह-जगह ग्रामीणों ने पुष्प वर्षा कर श्रद्धांजलि दी। लक्ष्मण झूला-कांडी मोटर मार्ग पर लोगों ने शव वाहन पर फूल बरसाकर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। अंतिम यात्रा के दौरान भगवद्गीता का पाठ भी किया जाता रहा।

पंचूर गांव से लेकर हरिद्वार तक बड़ी संख्या में लोग अंतिम दर्शन और श्रद्धांजलि देने पहुंचे। चंडी घाट पर भी साधु-संतों, जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों की मौजूदगी रही।

13 अखाड़ों के संतों सहित कई राजनीतिक हस्तियां पहुंचीं

सावित्री देवी के अंतिम संस्कार में संत समाज की बड़ी भागीदारी रही। 13 अखाड़ों के आचार्य और श्रीमहंत अंतिम विदाई में शामिल हुए। योग गुरु स्वामी रामदेव भी संतों की टीम के साथ चंडी घाट पहुंचे।

इसके अलावा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और विश्व हिंदू परिषद से जुड़े पदाधिकारियों ने भी पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की। उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कई कैबिनेट मंत्री, जनप्रतिनिधि और राजनीतिक हस्तियां भी अंतिम संस्कार में शामिल हुईं। भाजपा नेता बांसुरी स्वराज ने भी सावित्री देवी को श्रद्धांजलि दी। बड़ी संख्या में लोगों और विशिष्ट अतिथियों की मौजूदगी को देखते हुए हरिद्वार जिला प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सावित्री देवी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया।  

--------------

Click here to Read More
Previous Article
2047 तक विकसित भारत बनाने में युवाओं की होगी निर्णायक भूमिका: पीएम
Next Article
भारत में अब 1,400 से अधिक विश्वविद्यालय हैं, जबकि 2014-15 में इनकी संख्या 760 थी: उपराष्ट्रपति

Related देश Updates:

Are you sure? You want to delete this comment..! Remove Cancel

Comments (0)

    Leave a comment