Language Settings

वन्यजीव संरक्षण को लेकर बड़ा कदम, स्थायी समिति की 92वीं बैठक में 133 प्रस्तावों पर विचार

6 hours ago

25

0

नई दिल्ली। देश में वन्यजीवों और उनके प्राकृतिक आवासों के संरक्षण को मजबूत बनाने के उद्देश्य से राष्ट्रीय वन्यजीव बोर्ड की स्थायी समिति की 92वीं बैठक नई दिल्ली में आयोजित हुई। केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव की अध्यक्षता में हुई बैठक में समुद्री जैव विविधता, वन्यजीव संरक्षण, आवास प्रबंधन और विकास परियोजनाओं से जुड़े 133 प्रस्तावों पर विचार-विमर्श किया गया। बैठक का मुख्य विषय समुद्री वन्यजीव संरक्षण रहा। इस दौरान भारतीय वन्यजीव संस्थान के वैज्ञानिकों ने समुद्री संरक्षित क्षेत्रों, समुद्री कछुओं, डुगोंग और वन्यजीवों पर सड़क एवं अन्य रेखीय बुनियादी ढांचे के प्रभावों से संबंधित अध्ययन प्रस्तुत किए। मंत्री ने वन्यजीव सप्ताह 2026 के दौरान संचालित संरक्षण गतिविधियों की जानकारी देते हुए बक्सा में बाघों की पुनर्स्थापना, राजस्थान में ग्रेट इंडियन बस्टर्ड को प्राकृतिक आवास में छोड़ने और प्रोजेक्ट चीता का तीसरे स्थल तक विस्तार जैसी पहलों का उल्लेख किया। बैठक में वन्यजीव संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अग्रिम पंक्ति के कर्मचारियों और स्थानीय समुदायों को सम्मानित किया गया। संरक्षण और अवैध शिकार रोकने के लिए स्वर्गीय बनोथ नवीन, हुकाई एच. झिमो और वी. कुमारेशन को सम्मानित किया गया। वन्यजीव निगरानी एवं विशेष कौशल के लिए उमेश भारत कलसर्पे, अश्विनसिंह किरीतसिंह जडेजा और बहराइच मानव-वन्यजीव संघर्ष प्रबंधन समूह को सम्मान दिया गया।

सामुदायिक संरक्षण के क्षेत्र में व्हेल शार्क संरक्षण के लिए महावीर मच्छीमार सहकारी मंडली लिमिटेड, मंगरोल और तमिलनाडु की पोनुरुवी पारिस्थितिकी पर्यटन प्रबंधन समिति को सम्मानित किया गया। असम के नामेरी बाघ अभयारण्य को बाघ संरक्षण मानकों के अंतर्गत मान्यता भी प्रदान की गई। बैठक में समुद्री संरक्षित क्षेत्रों के प्रबंधन से जुड़े मूल्यांकन की रिपोर्ट जारी की गई। वर्ष 2024 से 2026 के दौरान 108 तटीय एवं समुद्री संरक्षित क्षेत्रों का मूल्यांकन किया गया। इसके निष्कर्षों में संरक्षण प्रबंधन की स्थिति, बेहतर कार्यप्रणालियों और सुधार की जरूरत वाले क्षेत्रों को रेखांकित किया गया।

तीन प्रजनन मौसमों का अध्ययन किया

समुद्री कछुओं के अखिल भारतीय आकलन के अंतर्गत वर्ष 2022 से 2025 तक तीन प्रजनन मौसमों का अध्ययन किया गया। इसमें लगभग 1,300 किलोमीटर लंबी तटरेखा और समुद्र तट के 360 हिस्सों का सर्वेक्षण किया गया। अध्ययन में समुद्री कछुओं की चार प्रजातियों के प्रजनन और अंडे देने की स्थिति का आकलन किया गया। भारत में डुगोंग संरक्षण से संबंधित वर्ष 2016 से 2026 तक के प्रयासों पर आधारित रिपोर्ट भी जारी की गई। तमिलनाडु में पहली बार ड्रोन तकनीक से किए गए आकलन में डुगोंग की अनुमानित संख्या 270 (16 की संभावित त्रुटि सीमा के साथ) बताई गई। पाक खाड़ी में देश के पहले डुगोंग संरक्षण रिजर्व की स्थापना को भी महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में रेखांकित किया गया। इसके अलावा अरब सागर में हंपबैक व्हेल की स्थिति पर अध्ययन जारी किया गया, जिसमें सात संभावित प्रमुख उपस्थिति क्षेत्रों की पहचान की गई। मछली पकड़ने के जाल में फंसना इन जीवों के लिए प्रमुख खतरे के रूप में सामने आया।]

क्षेत्रीय मार्गदर्शिका भी जारी की

बैठक में लघु जंगली बिल्लियों के संरक्षण पर एक क्षेत्रीय मार्गदर्शिका भी जारी की गई। इसमें भारत में पाई जाने वाली नौ प्रजातियों की पहचान, सर्वेक्षण और निगरानी के व्यावहारिक तरीके बताए गए हैं। समिति ने सड़क, रक्षा ढांचे, पेयजल आपूर्ति और अन्य विकास कार्यों से संबंधित 133 प्रस्तावों का पर्यावरणीय एवं पारिस्थितिकीय प्रभावों के आधार पर परीक्षण किया। इसमें वन्यजीवों और उनके आवासों की सुरक्षा, जनकल्याण तथा राष्ट्रीय विकास के बीच संतुलन बनाए रखने और नुकसान कम करने के उपायों की पर्याप्तता पर विशेष ध्यान दिया गया।

-----------------------------

Click here to Read More
Previous Article
कैट 2026: 29 नवंबर को होगी प्रवेश परीक्षा
Next Article
एससीओ सभ्यता संवाद मंच में भारतीय पांडुलिपि विरासत पर मंथन, संरक्षण और डिजिटलीकरण पर बनी सहमति

Related देश Updates:

Are you sure? You want to delete this comment..! Remove Cancel

Comments (0)

    Leave a comment