Language Settings

भारत-नेपाल संबंधों को नई गति: 24,000 करोड़ नेपाली रुपये का विकास पैकेज, आठ एमओयू और छह सीमा पार परियोजनाओं का शुभारंभ

6 hours ago

27

0

नई दिल्ली: भारत और नेपाल के बीच द्विपक्षीय सहयोग को नई ऊंचाइयों पर ले जाते हुए सोमवार को नई दिल्ली में कई महत्वपूर्ण कूटनीतिक और विकासात्मक कदम उठाए गए। नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह की मार्च 2026 में पद संभालने के बाद पहली द्विपक्षीय भारत यात्रा के दौरान हैदराबाद हाउस में प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता हुई और संयुक्त प्रेसवार्ता आयोजित की गई। इस दौरान दोनों देशों के बीच आपसी विश्वास, साझा विरासत और भविष्य की साझेदारी को मजबूत करने पर जोर दिया गया। संयुक्त प्रेसवार्ता में भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अगस्त में नेपाल में आई भीषण बाढ़ से हुई जनहानि और नुकसान पर गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि भारत एक सशक्त और समृद्ध नेपाल की विकास यात्रा में हमेशा सहभागी रहा है और कठिन समय में नेपाल के साथ खड़ा है। भारत ने नेपाल के पुनर्निर्माण और दीर्घकालिक विकास के लिए 24,000 करोड़ नेपाली रुपये के विकास सहयोग पैकेज की घोषणा की। इसका उद्देश्य बाढ़ प्रभावित परिवारों के जीवन को सामान्य बनाना, नए अवसर पैदा करना और भविष्य की प्राकृतिक आपदाओं से निपटने की नेपाल की क्षमता को और सुदृढ़ करना है। नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह ने कहा कि भारत और नेपाल के संबंध हिमालय की तरह मजबूत और महासागरों की तरह विशाल हैं। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं और कठिन परिस्थितियों में भारत एक विश्वसनीय पड़ोसी के रूप में हमेशा सबसे पहले मदद के लिए आगे आया है। शाह के अनुसार आपसी सम्मान, अटूट विश्वास और निरंतर सद्भावना दोनों देशों के रिश्तों की आधारशिला हैं और आज की वार्ता से संबंधों को नई दिशा मिलेगी। यात्रा से पहले शाह ने राजघाट पर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की और राष्ट्रपति भवन में उनका औपचारिक स्वागत किया गया।

-आठ समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर

अंतरिक्ष और संचार: भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन और नेपाल के सूचना तथा संचार मंत्रालय के बीच साउथ एशिया सैटेलाइट के उपयोग से सैटेलाइट कम्युनिकेशन नेटवर्क स्थापित करने के लिए समझौता किया गया।

पुलिसिंग और फोरेंसिक विज्ञान: गुजरात के गांधीनगर स्थित नेशनल फोरेंसिक साइंस यूनिवर्सिटी और नेपाल पुलिस के क्राइम इन्वेस्टिगेशन डिपार्टमेंट के बीच शैक्षणिक एवं शोध सहयोग का करार हुआ। इसके साथ ही भारत की राष्ट्रीय रक्षा यूनिवर्सिटी और नेपाल की नेशनल पुलिस एकेडमी के बीच भी समझौता किया गया।

प्रशासनिक सुधार: भारत के प्रशासनिक सुधार और लोक शिकायत विभाग के अंतर्गत नेशनल सेंटर फॉर गुड गवर्नेंस ने नेपाल के संघीय मामलों और सामान्य प्रशासन मंत्रालय के तहत नेपाल प्रशासनिक स्टाफ कॉलेज के साथ क्षमता निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए समझौता किया।

स्वास्थ्य और पारंपरिक चिकित्सा: भारत के स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय तथा नेपाल के स्वास्थ्य और खाद्य सुरक्षा मंत्रालय के बीच स्वास्थ्य व चिकित्सा सहयोग पर समझौता हुआ। इसके अतिरिक्त आयुर्वेद और अन्य पारंपरिक चिकित्सा प्रणालियों में सहयोग के लिए सरकार-से-सरकार समझौता किया गया।

शहरी विकास और कृषि संबद्ध क्षेत्र: शहरी विकास में तकनीकी सहयोग तथा पशुधन और मत्स्य विकास के क्षेत्र में सहयोग के लिए समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए गए।

-छह सीमा पार संपर्क, ऊर्जा और बुनियादी ढांचा परियोजनाएं

• रेल और धार्मिक संपर्क: भारत में अयोध्या और नेपाल में जनकपुर को जोड़ने वाली ‘सरयू-कमला एक्सप्रेस’ रेल सेवा शुरू की गई, जिससे अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं के लिए जनकपुर जाकर माता सीता के दर्शन करना अधिक सुविधाजनक होगा।

• सड़क पुल और एकीकृत जांच चौकियां: भारत में धारचूला को नेपाल से जोड़ने वाले सीमा पार मोटर योग्य सड़क पुल का उद्घाटन किया गया। बनबसा में एक नए एकीकृत चेक पोस्ट  का शिलान्यास किया गया, जबकि भैरहवा, सुनौली और दोधारा-चाँदनी में एकीकृत जांच चौकियों के निर्माण की प्रगति की समीक्षा की गई।

• जलविद्युत और पेट्रोलियम साझेदारी: 669 मेगावाट की लोअर अरुण जलविद्युत परियोजना की नींव रखी गई। साथ ही पेट्रोलियम सहयोग को आगे बढ़ाते हुए मोतिहारी-अमलेखगंज पाइपलाइन के दूसरे चरण को समर्पित किया गया और झापा में एक पेट्रोलियम टर्मिनल का शिलान्यास किया गया, जो प्रस्तावित सिलीगुड़ी-झापा पेट्रोलियम पाइपलाइन का हिस्सा है।

 

------------------------

 

 

Click here to Read More
Previous Article
भारत में फूलों की खेती बनी किसानों की आय और निर्यात का नया आधार, वैश्विक बाजारों में बढ़ रही मांग
Next Article
मोदी और शाह ने दिखाई सरयू कमला एक्सप्रेस को हरी झंडी

Related देश Updates:

Are you sure? You want to delete this comment..! Remove Cancel

Comments (0)

    Leave a comment